home page

सीएम साहब... तंज कसने से नहीं, विकास कार्यों से बनता है कद : इंद्र सिंह गांधी

 | 
सीएम साहब... तंज कसने से नहीं, विकास कार्यों से बनता है कद : इंद्र सिंह गांधी


मंडी, 28 सितंबर (हि.स.)। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर पलट वार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को राजनीतिक तंज कसने के बजाय बल्ह और प्रदेश के विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। मंडी में पत्रधाराें से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 32 दांतों को लेकर की गई टिप्पणी का जवाब जनता विकास के आंकड़ों और धरातल पर हुए कार्यों से देगी।

इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री के बल्ह दौरे के दौरान जिन कई विकास कार्यों और संस्थानों का उद्घाटन अथवा उल्लेख किया गया, उनमें से अनेक कार्य पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में स्वीकृत अथवा शुरू किए गए थे।

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने ऐसे कई संस्थानों और योजनाओं को डीनोटिफाई किया और अब उन्हीं कार्यों को दोबारा शुरू करने या उद्घाटन करने की स्थिति पैदा हुई है।

उन्होंने कहा कि नेरचौक में बिजली विभाग का डिवीजन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार ने दिया था। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इसे डीनोटिफाई किया और अब दोबारा इसके उद्घाटन की बात की जा रही है। इसी तरह जल शक्ति विभाग के डिवीजन, अपर बल्ह की आईटीआई, डीएसपी कार्यालय सहित कई संस्थानों को लेकर पूर्व सरकार के समय लिए गए निर्णयों का उन्होंने उल्लेख किया।

गांधी ने सवाल किया कि जब इन संस्थानों को डीनोटिफाई किया जा रहा था, तब प्रकाश चौधरी कहां थे उस समय उन्होंने सरकार से सवाल क्यों नहीं किया? अब जब इन्हीं विकास कार्यों का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश हो रही है तो वे बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं।

भाजपा विधायक ने कहा कि अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक में स्थित है और यहां विश्वविद्यालय से संबंधित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से मेडिकल यूनिवर्सिटी को सरकाघाट ले जाने की कोई योजना अथवा प्रस्ताव सामने आया है तो प्रकाश चौधरी बताएं कि उन्होंने मुख्यमंत्री के बल्ह दौरे के मंच से इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर एक शब्द भी क्यों नहीं बोला

इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि प्रकाश चौधरी को केवल राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय बल्ह में लंबित विकास कार्यों पर जनता को जवाब देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा