home page

मिनी सचिवालय भवन का उदघाटन कर भी जनता को सुविधा नहीं दे पाई सुक्खू सरकार : दलीप ठाकुर

 | 
मिनी सचिवालय भवन का उदघाटन कर भी जनता को सुविधा नहीं दे पाई सुक्खू सरकार : दलीप ठाकुर


मंडी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला के सरकाघाट में मिनी सचिवालय भवन को लेकर विधायक दलीप ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस मिनी सचिवालय भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था और जिसका उद्घाटन वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त 2025 को किया। उस भवन को उद्घाटन के बाद भी आज तक जनता की सुविधा के लिए विधिवत संचालित नहीं किया जा सका। यह प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली और जनहित के प्रति उसकी गंभीरता पर बड़ा सवाल है।

दलीप ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार उद्घाटन समारोहों और घोषणाओं के माध्यम से विकास का श्रेय लेने में आगे रहती है। लेकिन जब जनता को सुविधाएं देने की बारी आती है, तो उसकी कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ जाती है। यदि मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद भी मिनी सचिवालय भवन का संचालन नहीं हो पाया, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।

उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि जिस भवन का मुख्यमंत्री पहले ही उद्घाटन कर चुके हैं। उसके दोबारा शुभारंभ के लिए कांग्रेस के एक ऐसे नेता द्वारा कार्यक्रम जारी किया गया है, जिन्हें जनता चुनाव में नकार चुकी है। जब भवन का उद्घाटन पहले ही हो चुका है, तो दोबारा शुभारंभ का औचित्य क्या है। क्या यह जनता को सुविधा देने की पहल है या केवल राजनीतिक श्रेय लेने की एक और कोशिश।

विधायक दलीप ठाकुर ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिनी सचिवालय भवन परिसर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन किया और लोक निर्माण विभाग का कार्य शुरू करवाया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित कार्य को आगे बढ़ाना और क्षेत्र की जनता को इसका लाभ दिलाना है। सरकारी भवन जनता की सुविधा के लिए बनाए जाते हैं, न कि राजनीतिक दिखावे और श्रेय लेने के लिए। दलीप ठाकुर ने कहा कि जनता द्वारा नकारे जा चुके नेता सरकारी कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप करने से बाज आएं। सरकारी कार्य किसी पार्टी या व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं होते, बल्कि ये जनता के पैसे से जनता के हित में किए जाते हैं। यदि कोई नेता विकास कार्यों में बाधा डालने या सरकारी कामकाज को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करेगा, तो भाजपा इसका पुरजोर विरोध करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा