home page

जयराम ठाकुर की लोकप्रियता से परेशान होकर बयानबाजी कर रहे कांग्रेस के कुछ नेता : राकेश वालिया

 | 
जयराम ठाकुर की लोकप्रियता से परेशान होकर बयानबाजी कर रहे कांग्रेस के कुछ नेता : राकेश वालिया


मंडी, 05 नवंबर (हि.स.)। भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश वालिया ने कांग्रेस के कुछ नेताओं एवं सरकार में विभिन्न पदों पर बैठे अध्यक्षों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश और विशेषकर मंडी जिला के साथ साथ हिमांचल के लोकप्रिय जननेता हैं, जिन्होंने हमेशा जनता के दिलों में अपनी जगह बनाई है। उनकी राजनीति सत्ता के पदों तक सीमित नहीं रही है। मुख्यमंत्री रहते हुए भी वे जनता के बीच रहे और आज नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर का जनता से जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक पहचान है। वे सत्ता में हों या विपक्ष में, जनता के सुख-दुख में शामिल होना और प्रदेश के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। यही कारण है कि मंडी सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनता के बीच उनकी सक्रियता बनी हुई है। कांग्रेस के कुछ नेता उनकी लोकप्रियता और सक्रियता पर टिप्पणी करने के बजाय अपने राजनीतिक दायित्वों पर ध्यान दें।

राकेश वालिया ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता और सरकार में विभिन्न पदों पर बैठे अध्यक्ष जयराम ठाकुर पर बयानबाजी करके अखबारों की सुर्खियां बटोरने में व्यस्त हैं। उन्हें यह समझना चाहिए कि केवल बयान देने और राजनीतिक टिप्पणियां करने से जनता के मुद्दों का समाधान नहीं होता। सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों की जिम्मेदारी है कि वे अपने पदों के माध्यम से जनता के लिए काम करें और विकास कार्यों को गति दें।

राकेश वालिया ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को व्यक्तिगत बयानबाजी छोड़कर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। जयराम ठाकुर की लोकप्रियता पर टिप्पणियां करने से न तो कांग्रेस सरकार की जिम्मेदारियां कम होंगी और न ही मंडी की जनता के विकास से जुड़े सवाल समाप्त होंगे। भाजपा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार से हर जरूरी सवाल का जवाब मांगती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा