home page

मंडी में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ किया धरना- प्रदर्शन, राहुल गांधी का फूंका पुतला

 | 
मंडी में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ किया धरना- प्रदर्शन, राहुल गांधी का फूंका पुतला


मंडी में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ किया धरना- प्रदर्शन, राहुल गांधी का फूंका पुतला


मंडी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया । इस अवसर पर राहुल गांधी का पुतला जलाकर कांग्रेस के कथित दोहरे चरित्र के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा की बात करते हैं। लेकिन जब उनकी अपनी पार्टी के किसी नेता पर गंभीर आरोप लगते हैं, तो पार्टी का नेतृत्व चुप्पी साध लेता है।

पायल वैद्य ने कहा कि मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजम के संबंध में जेएनयू की आंतरिक शिकायत समिति द्वारा यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में निष्कर्ष निकाले जाने और उनके विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में तथ्यों और संबंधित संस्थान की आधिकारिक कार्रवाई के आधार पर कांग्रेस नेतृत्व को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने मांग की कि यदि सांसद के विरुद्ध आरोपों की पुष्टि हुई है, तो कांग्रेस पार्टी उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करे और उन्हें अपने पद से इस्तीफा देने के लिए कहे। वहीं भाजपा मंडी जिला अध्यक्षा सीमा शर्मा ने कि कहा कि राहुल गांधी, और प्रियंका गांधी को महिलाओं के सम्मान के विषय पर देश को उपदेश देने से पहले अपनी पार्टी के भीतर जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर आवाज उठाता रहेगा।

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के मुद्दे पर पायल वैद्य ने कहा कि चुनावी सूचियों का पुनरीक्षण एक नियमित लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक देश की सत्ता में रही है और विभिन्न राज्यों में भी उसकी सरकारें रही हैं। ऐसे में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसे कानूनी प्रक्रिया से आपत्ति क्यों है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर सवाल उठाने के बजाय उसे अपनी राजनीतिक कमजोरियों के कारणों पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा