भाजपा की गलत नीतियों का सड़क से संसद तक विरोध करेगी कांग्रेस: विदित चौधरी
मंडी, 27 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं हिमाचल के सह प्रभारी विदित चौधरी ने कहा कि मंहगाई, बेरोजगारी और भाजपा सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से संसद तक विरोध करेगी।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में नीट समेत नब्बे से अधिक पेपर लीक हुए हैं। इस तरह की घटनाएं भाजपा के शासन में बार-बार हो रही है। लेकिन आज तक केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री और न ही किसी बड़े अधिकारी का बयान आया है। जबकि हाल ही में लीक हुए नीट के पेपर के बाद देश भर में अनेक बच्चों द्वारा आत्महत्या जैसे जघन्य कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि देश के मध्यम वर्ग के बच्चे कर्ज लेकर और जमीन बेचकर पढ़ाई करते हैं। कई बार पेपर लीक का मामला सामने आ जाता है तो भर्तियां रद कर दी जाती है। विदित चौधरी ने कहा कि देश में राहुल गांधी ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो भाजपा की लगत नीतियों का संसद से सड़क तक विरोध करते आ रहे हैं। नीट पेपेर लीक मामले में भी राहुल गांधी ने छात्रों को न्याय दिलाने का बीड़ा उठाया है। यही वजह है कि देश भर में कांग्रेस सड़कों पर उतर कर भाजपा का विरोध कर रही है।
शनिवार को मंडी जिला कांग्रेस नवगठित कार्यकारिणी की बैठक के पश्चात कांग्रेस की ओर से उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की गई। उन्होंने कहा कि मंडी प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा जिला है, यहां पर कांग्रेस के पदाधिकारियों को ब्लॉक स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी गई है। विशेषकर जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष और महासचिव समेत सभी पदाधिकारी महीने में पांच दिन अपने-अपने ब्लॉक में लगाएंगे और संगठन को लेकर फीडबैक लेंगे। उसी प्रकार सभी ब्लॉक अध्यक्षों को आगामी तीस जून तक ब्लाक कमेटियों के गठन करने को कहा गया है। लेकिन कुछ ब्लाकों में तो इससे पहले ही ब्लॉक कमेटियों का गठन किया जा चुका है। राममंदिर चंदा चोरी के मामले में उन्होंने कहा कि वोट चोरी और चंदा चोरी भाजपा की रीत है। सन 1992 में राममंदिर के नाम पर देश भर से एकत्रित हुए 14 हजार करोड़ का अभी तक कोई पता नहीं है। भाजपा ने वह पैसा भी गायब कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

