home page

बागी कांग्रेसी आकाश ने मांगा जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर से इस्तीफा

 | 
बागी कांग्रेसी आकाश ने मांगा जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर से इस्तीफा


मंडी, 31 मई (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश मीडिया पैनेलिस्ट व प्रभारी रहे एडवोकेट आकाश शर्मा जिन्होंने टिकट न मिलने पर वार्ड नंबर 7 तल्याहड़ से बागी होकर चुनाव लड़ा व 252 वोट हासिल करके यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार रहे रूपेश सेन जिन्हें 419 वोट मिले को हराने में प्रमुख भूमिका निभाई ने जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर से इस्तीफे की मांग की है। यहां से भाजपा के जितेंद्र को 619 वोट मिले और वह जीत गए। आकाश शर्मा ने कहा कि नगर निगम मंडी में कांग्रेस की दुर्गति का कारण गलत वोट आवंटन रहा है। जिला अध्यक्ष ने अपनी मर्जी चला कर जिन्हें भी टिकट दिलाया वह सब हार गए।

एक उम्मीदवार वार्ड नंबर 4 नेला से नर्वदा मोहन जो यहां से जीती है उसका भी टिकट काट दिया था मगर उसने अपने दम व पार्षद रहे पति राजेंद्र मोहन ने हाईकमान में अपने अच्छे संबंधों के चलते अंतिम वक्त पर अपनी पत्नी का टिकट बचाया और जीत हासिल की।

आकाश शर्मा ने कहा कि अलकनंदा हांडा का टिकट चंपा ठाकुर ने अपने रिश्तेदार को उम्मीदवार बनाने के लिए काट दिया मगर यह निर्णय भी गलत साबित हुआ। उसका रिश्तेदार तीसरे नंबर पर रहा। जीत गई दो पूर्व पार्षदों की पत्नियां पहली मंडी नगर निगम में रहे तीन पार्षदों जो आरक्षण रोस्टर की चपेट में आकर खुद चुनावी दौड़ से बाहर हो गए थे ने प्रयास करके अपनी पत्नियों को टिकट हासिल कर लिए थे। इनमें कांग्रेस के राजेंद्र मोहन व योग राज योगा था जबकि भाजपा के हरदीप सिंह राजा थे। इनमें योग राज योगा तो अपनी पत्नी रजनी चंद्रा को 5 नंबर वार्ड मंगवाई से जितवा नहीं पाए मगर भाजपा के हरदीप सिंह राजा ने अपनी पत्नी गुरदीप कौर को पैलेस एक से जितवा दिया तो राजेंद्र मोहन भी अपनी पत्नी नर्वदा मोहन को जितवाने में कामयाब रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा