home page

पंप हाउसों में घास काटने के भाजपा विधायक सती के बयान से भड़के पंप आपरेटर

 | 

मंडी, 02 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश विधानसभा में चर्चा के दौरान पंप हाउसों में घास काटने के टैंडर लगाने जाने के मुद्दे पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक सत पाल सिंह सती द्वारा यह कहने की 15 -20 रूपए की दराटी देकर यह काम पंप आपरेटरों से भी लिया जा सकता है, को लेकर पंप आपरेटर बुरी तरह से भड़क गए हैं। पंप आपरेटरज संघ मंडी जिला ने इस बयान को लेकर कड़ी आपति जताई है तथा विधायक को चेतावनी देते हुए कहा है कि इसे लेकर तुरंत प्रदेश के पंप आपरेटरों से क्षमा मांगें अन्यथा महासंघ पूरे प्रदेश में पंप बंद करके सड़कों पर उतरेगा और उनका विरोध करेगा।

पंप आपरेटर महासंघ मंडी जिला के प्रधान बीएस ठाकुर, महासचिव कशमीर सिंह, संगठन सलाहकार बालक राम, संजय कुमार, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, प्रीतम कुमार मुकेश कुमार, प्रैस सचिव धर्मेंद्र कुमार, सहसचिव नितिन कुमार व अन्य सदस्यों ने यहां पर संयुक्त रूप से कहा कि सतपाल सिंह सती के इस बयान को पूरे प्रदेश के पंप आपरेटर घोर विरोध करते हैं। इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है तथा यह एक भद्दा मजाक है।

महासंघ ने कहा कि विधायक का यह कहना है कि दराटी 15 रूपए में मिल जाती है यह भी एक मजाक है। आज दराटी भी 80 से 100 रुपए में मिलती है। आज के युग में दराटी की बात करने की बजाय यदि पंप हाउसों में आधुनिक मशीनरी लगाने, पंप हाउसों के सही रख रखाव की बात करते, खस्ताहाल पंपों की बात होती, टूल्स व सोलर स्ट्रीट लाइटें व रात को चौकीदार तैनात करने आदि को लेकर बात करते तो महासंघ उनका स्वागत करता मगर पंप आपरेटरों जिन्होंने कोरोना काल में जान पर खेलकर प्रदेश के लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाया, छुट्टियां तक नहीं ली, नदी नालों के सूख जाने के बावजूद भी किसी तरह से पंप हाउसों को चालू रखा, के लिए ऐसे शब्द असहनीय हैं। उन्हें क्षमा मांगनी होगी अन्यथा विरोध के लिए तैयार रहना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा