home page

माकपा ने आंदोलन की रणनीति बनाई, स्मार्ट मीटर व नशे के खिलाफ उठाए कदम

 | 
माकपा ने आंदोलन की रणनीति बनाई, स्मार्ट मीटर व नशे के खिलाफ उठाए कदम


मंडी, 4 सितंबर (हि.स.)। माकपा मंडी जिला कमेटी की बैठक शुक्रवार को कॉमरेड तारा चंद भवन में जोगिंदर वालिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य केंद्र से डॉ. ओंकार शाद, जिला सचिव कुशाल भारद्वाज सहित कमेटी सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान केंद्र सरकार की मजदूर, किसान व युवा विरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई तथा हिमाचल को बजट जारी करने में कथित भेदभाव के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।

माकपा ने प्रदेश सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए पांच लाख युवाओं को रोजगार और महिलाओं को मासिक भत्ता जल्द देने की मांग की। पार्टी ने बिजली क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का विरोध करने का निर्णय लिया। बिना उपभोक्ताओं की सहमति मीटर लगाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

बैठक में अप्रैल के बाद बुजुर्गों, विधवाओं व एकल महिलाओं की लंबित पेंशन जारी करने तथा आपदा प्रभावितों को राहत व भूमि उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई। धर्मपुर व सरकाघाट में बसों की कमी दूर करने की मांग भी की गई।

पार्टी 15 सितंबर से रोजगार के लिए अभियान चलाएगी। जोगिंदरनगर शोध केंद्र स्थानांतरण विरोधी आंदोलन को समर्थन देने और सिंथेटिक नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का फैसला भी लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा