सोलन में कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा, भैंस के सामने बजाई बीन
सोलन, 24 सितंबर (हि.स.)। सोलन ब्लॉक कांग्रेस की ओर से वीरवार को सोलन में आगाज सम्मेलन का आयोजन किया गया। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक भैंस को सड़क पर खड़ा कर उसके सामने बीन बजाई। कांग्रेस नेताओं ने इस प्रदर्शन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि केंद्र सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमित ठाकुर ने भैंस के सामने बीन बजाई। प्रदर्शन में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
पत्रकारों से बातचीत में रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से यह दर्शाने का प्रयास किया गया कि केंद्र सरकार जनता की आवाज को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी संदेश को लेकर भैंस के सामने बीन बजाने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने एक मीडिया रिपाेर्ट में प्रकाशित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बयान का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी वर्ष 2025 से चुनावी प्रक्रिया और कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर पहले भी प्रदर्शन किए हैं और केंद्र सरकार से इस पर जवाब देने की मांग की है।
रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार विभिन्न मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

