home page

सिरमौर पुलिस के मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह का निधन

 | 
सिरमौर पुलिस के मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह का निधन


नाहन, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस विभाग से एक दुखद समाचार सामने आया है। पुलिस थाना माजरा में तैनात मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान निधन हो गया है। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही समूचे पुलिस विभाग और उनके पैतृक क्षेत्र पच्छाद में शोक की लहर दौड़ गई है। कुलदीप सिंह अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य स्वभाव के लिए विभाग में विशेष पहचान रखते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह 19 अप्रैल को अवकाश पर अपने घर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पीजीआई में चिकित्सकों के भरसक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

दिवंगत कुलदीप सिंह जिला सिरमौर की तहसील पच्छाद के अंतर्गत आने वाले गांव बोहलघाट डाकघर गागल शिकौर के निवासी थे। उनके पिता का नाम तुलसी राम है। कुलदीप सिंह वर्ष 2008 में हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में बतौर आरक्षी भर्ती हुए थे। पिछले करीब 18 वर्षों के सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2024 से वह पुलिस थाना माजरा में बतौर अन्वेषणकर्ता तैनात थे, जहाँ उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

कुलदीप सिंह के निधन पर पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों और सहकर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके सहयोगियों का कहना है कि कुलदीप न केवल एक बेहतरीन अन्वेषणकर्ता थे, बल्कि एक बेहद मिलनसार और ईमानदार इंसान भी थे। उनकी कमी विभाग को हमेशा खलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर