home page

रिज मैदान में मिला 56 हजार रुपये से भरा बैग, शिमला पुलिस ने पर्यटक को लौटाया

 | 
रिज मैदान में मिला 56 हजार रुपये से भरा बैग, शिमला पुलिस ने पर्यटक को लौटाया


शिमला, 25 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर उस समय ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देखने को मिली, जब ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने एक लावारिस बैग उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया। बैग में 56 हजार रुपये की नकद राशि और दो पासपोर्ट मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार रविवार को रिज मैदान क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पीएआर द मॉल में तैनात एक पुलिस कर्मी को एक संदिग्ध अवस्था में लावारिस बैग मिला। सुरक्षा के मद्देनजर बैग की जांच की गई तो उसमें 56 हज़ार रुपये नकद और दो पासपोर्ट पाए गए।

पुलिस कर्मी ने तत्परता दिखाते हुए बैग को सुरक्षित रूप से पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दस्तावेजों और अन्य जानकारियों के आधार पर बैग के मालिक की पहचान की। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैग जयपुर, राजस्थान निवासी अमृत जैन को सकुशल वापस सौंप दिया गया।

अपना सामान वापस मिलने पर पर्यटक अमृत जैन ने राहत जताते हुए शिमला पुलिस और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नकदी और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिलना उनके लिए बड़ी राहत की बात है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि शिमला पुलिस आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा व सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की ईमानदारी और सजगता विभाग की कार्यशैली को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी शिमला पुलिस इसी तरह जनसेवा और लोगों के विश्वास को बनाए रखने के लिए कार्य करती रहेगी।

गौरतलब है कि पर्यटन सीजन के दौरान शिमला में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग खो जाना किसी भी पर्यटक के लिए बड़ी परेशानी बन सकता था, लेकिन पुलिस की तत्परता ने एक पर्यटक की चिंता को राहत में बदल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा