सिरमौर पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो दिनों में 53 वाहनों के चालान
नाहन, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर के निर्देशानुसार 28 व 29 मार्च को जिला सिरमौर में अवैध खन्न के विरुद्ध विशेष जाँच अभियान के अन्तर्गत योजनाबद्ध तरीके से विशेष कार्यवाही की गई है।
इस अभियान के दौरान कुल 53 वाहनों के चालान किए गए जिनमें से 48 वाहनों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत और 5 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए उनके चालान किये गये। इन वाहनों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों में शामिल पाया गया था। इन चालानों में से 21 चालानों का पुलिस द्वारा निपटारा करके मु0 99,500/- रुपये जुर्माना बसूल किया गया तथा 32 चालानों में गाडियों को जब्त किया गया है तथा इनके खिलाफ किये गये चालानों को आगे की कार्यवाही के लिये संबंधित अदालत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिन्त सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बतायाकि अवैध खनन पर्यावरण सुरक्षा व भूमि कटाव के लिये बहुत बड़ा खतरा बना हुआ है जिसके चलते देश में पूर्व में आई आपदाओँ से अनेकों जाने जा चुकी है। इसलिये पर्यावरण सुरक्षा व भूमिकटाव से बचाव के लिये सिरमौर पुलिस खनन नियमों का पालन करवाने के लिये कृतसंकल्प है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

