home page

पाकिस्तान की तरह हिमाचल भी आर्थिक दिवालियापन की कगार पर : जयराम ठाकुर

 | 
पाकिस्तान की तरह हिमाचल भी आर्थिक दिवालियापन की कगार पर : जयराम ठाकुर


मंडी, 08 अप्रैल (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पाकिस्तान का मॉडल लागू हो गया है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से आज पाकिस्तान आर्थिक दिवालिया हो चुका है, उसी प्रकार हिमाचल प्रदेश को भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने आर्थिक दिवालियापन की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आटा, पैट्रोल-डीजल को लेकर मारामारी चल रही है। जिसके चलते कर्मचारियों की तनख्वाहों में कटौती की जा रही है। उसी प्रकार हिमाचल में भी अधिकारियों और मंत्रियों के वेतन में भी कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडी में करीब आठ साल बाद हुई प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश और देश की राजनैतिक और आर्थिक परिस्थितियों को लेकर दो प्रस्ताव पारित किए गए।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र की ओर से भरपूर सहयोग मिला है। जबकि हिमाचल के बजट पहली बार विकास कार्यों के लिए मात्र पांच प्रतिशत ही पैसे का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल सरकार का बजट पिछली साल की तुलना में साढ़े तीन हजार करोड़ कम है। जबिक उनकी सरकार के समय विकास कार्यों के लिए 44 प्रतिशत से लेकर तीस और सताईस प्रतिशत का प्रावधान रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि हमारी सरकार ने पचहतर हजार करोड़ का कर्ज लिया है। जबकि यह सही नहीं है, हमारी सरकार ने 69हजार करोड़ का कर्ज लिया था। वहीं पर मात्र साढ़े तीन साल कांग्रेस सरकार ने करीब 41हजार करोड़ रूपए का कर्ज लिया है और कर्ज का आंकड़ा अब एक लाख दस हजार करोड़ से ऊपर हो गया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को 2027 तक आत्मनिर्भर राज्य बनाने की बात कर रहे हैे। जबकि प्रदेश सरकार की हालत ऐसी है कि कर्मचारियों को एरियर नहीं दिया जा रहा है। एक हजार करोड़ की देनदारी सिर पर है और नौकरियों पर रोक लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने जनविरोधी फैसलों के चलते हर बार अदालत में हार रही है। वो चाहे पंचायत चुनावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने की बात हो या फिर उपयुक्तों को पांच प्रतिशत आरक्षण का अधिकार देने की बात हो हाईकोर्ट में कांगेस सरकार की हार हुई है। यही नहीं कोर्ट ने प्रदेश सरकार को दस लाख रूपए का जुर्माना हुआ है।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भाजपा जनहित के मुद्दों को लेकर करेगी और प्रदेश सरकार को उखाड़ फैंकेंगे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिल शर्मा, चौपाल के भाजपा विधायक बलवीर वर्मा, पायल वैद्य, बिहारी लाल शर्मा प्रियंता शर्मा, निहाल चंद शर्मा, राकेश वालिया आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा