home page

संगड़ाह में नाबालिग से जुड़े मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 

नाहन, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को दबोच लिया है।

जानकारी के अनुसार यह पूरा प्रकरण तब सामने आया जब चाइल्डलाइन के माध्यम से प्रशासन और पुलिस को नाबालिग लड़की के कथित तौर पर विवाह के नाम पर हो रहे यौन उत्पीड़न की गुप्त सूचना मिली। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस थाना संगड़ाह में तुरंत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कानूनी शिकंजा कसा गया है।

सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में अनूप कुमार पुत्र रण सिंह उर्फ रणिया, जो कि गांव भौण (डाकघर लाना-पालर) का निवासी है, अशोक कुमार पुत्र कुलदीप सिंह निवासी गांव धमास और संदीप पुत्र सूरत राम निवासी गांव मंडोली शामिल हैं। यह सभी आरोपी संगड़ाह तहसील के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें आगामी पूछताछ के लिए 29 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं और इसमें शामिल संभावित अन्य कड़ियों की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर