home page

नाहन में निकली विकसित भारत संकल्प सेवा ज्योति यात्रा, बिंदल ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

 | 
नाहन में निकली विकसित भारत संकल्प सेवा ज्योति यात्रा, बिंदल ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां


नाहन, 07 अक्तूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत बुधवार को सिरमौर जिले के नाहन स्थित बर्मा पापड़ी में ‘विकसित भारत संकल्प सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यकाल राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्षों का कार्यकाल देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और देश विश्व की एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभरा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प’ अभियान 17 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ समाज सेवा के कार्य भी किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर