home page

प्रधानमन्त्री मोदी के जन्मदिवस पर हमीरपुर में अनुराग ठाकुर दिव्यांगजनों को वितरित करेंगे आधुनिक सहायक उपकरण

 | 
प्रधानमन्त्री मोदी के जन्मदिवस पर हमीरपुर में अनुराग ठाकुर दिव्यांगजनों को वितरित करेंगे आधुनिक सहायक उपकरण


हमीरपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ‘दिव्यांग सम्मान’ के रूप में एक विशेष उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन हमीरपुर और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम द्वारा आयोजित यह वितरण कार्यक्रम 17 सितम्बर को प्रातः 10:00 बजे उपायुक्त कार्यालय, हमीरपुर के बचत भवन में संपन्न होगा।

उल्लेखनीय है कि 16 से 20 मार्च तक हमीरपुर के पाँचों उपमंडलों (बड़सर, हमीरपुर, सुजानपुर, नादौन और भोरंज) में आयोजित आकलन शिविरों में चिन्हित किए गए सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को इस शिविर में अत्याधुनिक कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री ने ही ‘विकलांग’ के स्थान पर श्रद्धा और सामर्थ्य के प्रतीक शब्द ‘दिव्यांग’ से समाज को नई दृष्टि दी। मोदी सरकार द्वारा लागू ‘दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम’, देशव्यापी ‘सुगम्य भारत अभियान’, भारतीय सांकेतिक भाषा का मानकीकरण और सरकारी योजनाओं में मिलने वाली सुविधाओं ने दिव्यांग भाई-बहनों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है।

अनुराग ठाकुर सिंह ठाकुर ने सभी चिन्हित लाभार्थियों और उनके परिजनों से 17 सितम्बर को प्रातः 10:00 बजे बचत भवन में उपस्थित होकर इस सेवा-पहल का लाभ उठाने का आह्वान किया है। लाभार्थी अपने साथ पूर्व में आयोजित आकलन शिविर की पंजीकरण रसीद और पहचान व औपचारिकताएं पूर्ण करने हेतु अपना आधार कार्ड अवश्य लाएं। यदि कोई लाभार्थी अस्वस्थता या असमर्थता के कारण स्वयं उपस्थित होने में असमर्थ है, तो उनके परिजन लाभार्थी का आधार कार्ड, अपना आधार कार्ड और पंजीकरण रसीद प्रस्तुत कर उनकी ओर से उपकरण प्राप्त कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा