मुख्यमंत्री सुक्खू पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, भाजपा युवा मोर्चा ने चुनाव आयोग से की शिकायत
मंडी, 16 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों के बीच आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता मनदीप चंदेल की ओर से राज्य निर्वाचन आयुक्त को एक औपचारिक शिकायत पत्र सौंपकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ने मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम चुनावों की घोषणा के बाद विभिन्न जनसभाओं और प्रेस वार्ताओं में मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से वित्तीय प्रलोभन और घोषणाएं की हैं, जो सीधे तौर पर आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। शिकायत पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मंडी के वार्ड नंबर 4 नेला वार्ड और वार्ड नंबर 13 थनेड़ा वार्ड में चुनावी रैलियों के दौरान सार्वजनिक रूप से यह घोषणा की है। यदि जनता कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करती है, तो सरकार द्वारा प्रत्येक वार्ड को क्रमशः 50 लाख रुपए और एक करोड़ रुपए की विकास राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पालमपुर के विभिन्न वार्डों पालमपुर खास, सुग्गर, बिंद्राबन में 14 मई 2026 को और धर्मशाला के होटल धौलाधार में 15 मई 2026 को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी प्रत्येक वार्ड को एक-एक करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने का आश्वासन दोहराया गया। भाजपा प्रवक्ता मनदीप ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान इस तरह की लोकलुभावन घोषणाएं करना हिमाचल प्रदेश पंचायत और नगर पालिका आदर्श आचार संहिता 2015 के नियमों, विशेषकर वित्तीय अनुदानों को प्रतिबंधित करने वाली धाराओं (4.7, 10.3, और 11.1) का स्पष्ट उल्लंघन है। शिकायतकर्ता का तर्क है कि ये बयान स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता को दूषित करते हैं और मतदाताओं को सीधे तौर पर प्रभावित करने का प्रयास हैं।
शिकायत के साथ साक्ष्य के तौर पर वीडियो क्लिप और प्रेस रिपोर्ट भी आयोग को सौंपी गई हैं। पत्र के अंत में राज्य निर्वाचन आयोग से इस पूरे मामले का स्वतः संज्ञान लेने, मुख्यमंत्री के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही शुरू करने, रैलियों की वीडियो रिकॉर्डिंग और संबंधित रिपोर्ट तलब करने तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोषी पक्षों के खिलाफ सख्त दंडात्मक आदेश पारित करने की पुरजोर मांग की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

