home page

राष्ट्र गौरव से जागृत होता है स्वयं का भाव : अशोक बेरी

 | 
राष्ट्र गौरव से जागृत होता है स्वयं का भाव : अशोक बेरी


शिमला, 14 सितंबर (हि.स.)। फिनिक्स, आर्यावर्त एवं हिन्द एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में साेमवार काे शिमला में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 110 पौधे रोपे गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकारी मंडल के सदस्य अशोक बेरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ‘राष्ट्र गौरव से स्वयं का भाव’ विषय पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति के भीतर राष्ट्र के प्रति गौरव और अपनत्व का भाव जागृत होता है, तो वह स्वयं को समाज और राष्ट्र से जोड़कर देखने लगता है। यही भाव उसे अपने आसपास के वातावरण, प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।

अशोक बेरी ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना राष्ट्र सेवा का ही एक महत्वपूर्ण स्वरूप है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आचार्य पार्थिवेंद्र, प्रधानाचार्य, आनंद मार्ग स्कूल तथा सुनील ग्रोवर, चेयरमैन, निडल लीफ फाउंडेशन ने भी पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें विद्यार्थियों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर विचार प्रबोधन, हिमाचल प्रांत के प्रमुख महीधर, हिन्द एजुकेशन के अध्यक्ष अनुज पंत, आर्यावर्त संस्था के अध्यक्ष ललित, फिनिक्स संस्था के अध्यक्ष भागेश तथा उधम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। 110 पौधों के रोपण के साथ सभी ने पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि समाज और राष्ट्रहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला