धारकंडा गांव में हेडगेवार स्मारक समिति ने रोपे देवदार और बान के 80 पौधे
शिमला, 09 अगस्त (हि.स.)। डॉक्टर हेडगेवार स्मारक समिति की ओर से रविवार को मशोबरा खंड के धारकंडा गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए देवदार और बान के करीब 80 पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम में डॉक्टर हेडगेवार स्मारक समिति के अध्यक्ष अजय सूद, सचिव एवं सह सचिव सहित स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान खुशी राम, वार्ड सदस्य, सुरेंद्र, योगेश बक्शी समेत गांव के करीब 37 लोगों ने भाग लिया। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।
स्थानीय लोगों ने समिति की ओर से आयोजित इस सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समिति से भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं पर्यावरण हितैषी कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

