home page

ऐतिहासिक पहल: मंडी सुधरानी के 12 व्यक्तिगत वन अधिकार दावे एसडीएलसी को सौंपे

 | 
ऐतिहासिक पहल: मंडी सुधरानी के 12 व्यक्तिगत वन अधिकार दावे एसडीएलसी को सौंपे


मंडी, 24 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिला की वन अधिकार समिति सुधरानी ने ग्राम सभा द्वारा पारित 12 व्यक्तिगत वन अधिकार दावे उपमंडल स्तरीय समिति एसडीएलसी बालीचौकी को प्रेषित किए। ये दावे अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वन निवासी वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम, 2006 के तहत दायर किए गए हैं। स्वयं दावेदार, एफआरसी सुधरानी के प्रधान दिले राम, सचिव भीम सेन और पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट की टीम के साथ एसडीएम कार्यालय बालीचौकी पहुंचे। वहां उन्होंने तहसीलदार अनुपम अग्निहोत्री से मुलाकात की और अपने दावे उन्हें सौंपे।

पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट ने कहा कि यहां के परिवार परंपरागत वन निवासी हैं, जो पीढ़ियों से वन भूमि पर निर्भर हैं, और इन समुदायों के साथ ऐतिहासिक अन्याय हुआ है। वन अधिकार अधिनियम, 2006 इसी अन्याय को दूर करने के लिए बना है। आज का दिन इन परिवारों के अधिकारों की कानूनी मान्यता की ओर एक ऐतिहासिक कदम है।

वन अधिकार अधिनियम की प्रक्रिया के अनुसार 27 जुलाई 2026 को तीन महीने की अवधि के लिए दावे आमंत्रित किए गए थे, जिसमें कुल 14 दावे प्राप्त हुए। 11 नवंबर 2026 को ग्राम सभा सुधरानी मुहाल ने 233 सदस्यों की उपस्थिति में इन 12 दावों को सर्वसम्मति से पारित किया। शेष दो दावों के दस्तावेज़ अभी पूरे नहीं हैं, इसलिए उन्हें एसडीएम कार्यालय को नहीं भेजा गया है, इन्हें पूरा करने के बाद आगे भेजा जाएगा। अब एसडीएलसी इन 12 दावों की जांच कर इन्हें जिला स्तरीय समिति को भेजेगी। दावेदारों में डूर सिंह, संतराम, उत्तम राम, दिले राम, संतरू देवी, दीनानाथ, किशोरी लाल, दुले सिंह, चेतन कुमार, लीलानंद, अमर सिंह और गोकल आदि शामिल रहे। स्थानीय नेता संत राम ने इस प्रक्रिया को शुरू करने में आगे बढ़कर पहल की।

उन्होंने बताया कि बालीचौकी ब्लॉक की कई अन्य वन अधिकार समितियाँ भी इसी प्रकार अपने दावे तैयार कर रही हैं और उन्हें जल्द प्रस्तुत करने की योजना बना रही हैं। यह व्यक्तिगत दावों की ऐतिहासिक शुरुआत है। अगले चरण में सामुदायिक वन अधिकार दावे भी इसी प्रकार एसडीएलसी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट कुल्लू, क्षेत्र की वन अधिकार समितियों को प्रशिक्षण और दावे तैयार करने में सहयोग दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा