7 अगस्त तक सड़कों का काम शुरू नहीं हुआ तो होगा आंदोलन : सुखराम चौधरी
नाहन, 31 जुलाई (हि.स.)।
पांवटा साहिब के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों, आपदा राहत में कथित उदासीनता और विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि देवीनगर–रामपुरघाट–नवादा, बद्रीपुर–जमनीवाला–परदूनी, भगानी चौक–गोजर–डाकपत्थर, पुरुवाला–अम्बोआ–राजपुर सहित पूरे आंजभोज क्षेत्र की सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन लंबे समय से इनके रखरखाव की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुखराम चौधरी ने कहा कि उन्होंने पांवटा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा अब तक 25 बार विधानसभा में उठाया, लेकिन प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा के दौरान स्वयं सड़कों के सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक उस पर अमल नहीं हुआ।
सुखराम चौधरी ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग को 7 अगस्त तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तब तक सड़कों के सुधार का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे जनता के साथ सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

