प्रदेश की चार में से तीन नगर निगमों पर भाजपा ने शानदार जीत हासिल कर कमल खिलाया : जयराम ठाकुर
मंडी, 31 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी में अब यह रिवाज हो गया है कि कांग्रेस को एक ही सीट नसीब होती है। मंडी नगर निगम में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते विधानसभा चुनाव में मंडी जिला से कांग्रेस को दस में से मात्र एक ही सीट मिली है। उससे पूर्व भी दस में से आठ भाजपा और एक कांग्रेस और एक निर्दलीय उम्मीदवार प्रकाश राणा को मिली थी, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। अब नगर निगम के चुनाव में भी आंकड़ा कुछ वैसा ही है। नगर निगम मंडी के लिए पंद्रह में चौदह वार्डों में चुनाव हुए, जिसमें बारह पर भाजपा के प्रत्याशी विजयी हुए हैं। एक कांग्रेस और एक आजाद प्रत्याशी विजयी हुई है। उन्होंने कहा कि मंडी के अलावा धर्मशाला और सोलन में भाजपा ने जीत का परचम फहराया है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला नगर निगम में कुल 17 सीटों में से भाजपा ने 11 पर जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस को यहां पांच सीटों पर जीत मिली है। उसी प्रकार सोलन में 17 में से दस में भाजपा , छह में कांग्रेस और एक पर निर्दलीय प्रत्याशी की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्थानीय निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को टालने के प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि अब मुझे लगता है कि उनकी आशंका और डर सचा साबित हुआ है। उन्हें डर था कि चुनाव परिणाम में कांग्रेस हारेगी और पार्टी में अफरातफरी फैलेगी, पार्टी नेतृत्व पर प्रश्नचिन्ह लगेगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषदों के परिणामों में भाजपा समर्थकों की जीत हुई तो उसे नहीं माना। दबाव डालने का प्रयास किया कि कांग्रेस को समर्थन देने को विवश हो जाए।
जयराम ने कहा कि तीन चरणों में हुए पंचायतों के चुनाव में 70 प्रतिशत प्रधान -उप प्रधान भाजपा समर्थित जीते हैं। उसी प्रकार 28 में से 25 नगर परिषदों में भाजपा समर्थित जीते। जबकि बीडीसी और जिला परिषद के चुनाव आज निकलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए यह संदेश है कि आपका वक्त अब पूरा हो गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आचार संहिता का उलंघन्न करते हुए मंडी में घोषणा की थी कि कांग्रेस के उम्मीदवार जीताओ और हर वार्ड को पचास लाख से एक करोड़ की राशि विकास कार्यों के लिए दी जाएगी। लेकिन मंडी वालों ने उनकी एक नहीं सुनी और भाजपा के पक्ष में अपना जनादेश दे दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमारी कोशिश रहेगी कि मंडी में कांग्रेस को एक भी सीट न मिले।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी को साढ़े तीन साल में अपमानित ही किया है, दिया कुछ नहीं, बल्कि छीना है। उन्होंने हिमाचल में भाजपा की जीत के लिए पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व अध्यक्ष जेपी नडडा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार वयक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

