home page

सिरमौर में अक्टूबर माह में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी

 | 
सिरमौर में अक्टूबर माह में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी


नाहन, 24 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के परिवहन विभाग ने जिला सिरमौर के लिए अक्टूबर 2026 का वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। आरटीओ सोना चंदेल ने बताया कि जिला मुख्यालय नाहन में वाहनों की पासिंग के लिए 6 और 23 अक्टूबर की तिथियां तय की गई हैं, जबकि चालकों के लिए ड्राइविंग टेस्ट 7 और 24 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे।

पांवटा साहिब उपमंडल में गाड़ियों की संख्या को देखते हुए वर्गवार विशेष व्यवस्था की गई है। पांवटा साहिब में 8 अक्टूबर को केवल निजी वाहनों और स्कूल बसों की पासिंग होगी, 15 अक्टूबर को केवल कमर्शियल या ट्रांसपोर्ट वाहनों की पासिंग की जाएगी तथा शेष अन्य वाहनों के लिए 27 अक्टूबर की तारीख रखी गई है। इसके अतिरिक्त, पांवटा साहिब में ड्राइविंग टेस्ट 16 और 28 अक्टूबर को आयोजित होंगे।

वहीं राजगढ़ क्षेत्र में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट दोनों प्रक्रियाएं एक ही दिन 1 अक्टूबर 2026 को पूरी की जाएंगी। संगड़ाह उपमंडल के लिए 3 अक्टूबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है, जहाँ इसी दिन पासिंग और टेस्ट दोनों होंगे। इसके अलावा सराहां (पच्छाद) क्षेत्र के आवेदकों के लिए 21 अक्टूबर 2026 का दिन तय किया गया है।

कफोटा और शिलाई के लिए एक ही दिन 17 अक्टूबर की तारीख तय की गई है, लेकिन समय को दो हिस्सों में बांटा गया है। 17 अक्टूबर को पूर्वाह्न कफोटा में पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट लिए जाएंगे, जबकि उसी दिन अपराह्न शिलाई क्षेत्र में यह कार्य पूरा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर