home page

पंचायतीराज चुनावों से मिला बड़ा संदेश, हिमाचल की जनता जमीनी स्तर से पूरी तरह भाजपा के साथ : जयराम ठाकुर

 | 
पंचायतीराज चुनावों से मिला बड़ा संदेश, हिमाचल की जनता जमीनी स्तर से पूरी तरह भाजपा के साथ : जयराम ठाकुर


मंडी, 18 जून (हि.स.)। मंडी जिला के जंजैहली में पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थितों की जीत बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसे सराज विधानसभा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व क्षण करार दिया। उन्होंने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में सर्वसम्मति से भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं। जो कि राजनीतिक इतिहास में पहली बार इतनी शानदार और प्रचंड जीत के रूप में दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि तीनों जगह कांग्रेस पार्टी की ऐसी दुर्गति हुई कि उन्हें ढूंढे भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी तक नहीं मिले।

जयराम ठाकुर ने कहा कि वे खुद प्रदेश के पंचायती राज मंत्री रहे और पांच वर्षों तक मुख्यमंत्री के गरिमामयी पद पर भी आसीन रहे, लेकिन उनके उस कार्यकाल के दौरान भी जमीनी स्तर पर पार्टी के इतने अधिक प्रत्याशी जीतकर कभी नहीं आए थे। जो इस बार की इस शानदार सफलता को बेहद खास और ऐतिहासिक बनाता है।

उन्होंने कहा कि जंजैहली ब्लॉक पूरी तरह से हमारे सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही आता है। जबकि बालीचौकी ब्लॉक हमारे पड़ोस के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के साथ और गोहर ब्लॉक हमारे नाचन विधानसभा क्षेत्र के साथ अपनी सीमाएं साझा करता है। उन्होंने इन तीनों महत्वपूर्ण ब्लॉकों में पार्टी के नेतृत्व के फैसलों का सम्मान करते हुए एकजुटता के साथ आगे बढ़ने के लिए सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जन प्रतिनिधियों का धरातल पर पूरा सहयोग और मार्गदर्शन करें ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।

जयराम ने कहा कि आने वाले समय में जीते हुए ऊर्जावान सदस्यों को भाजपा संगठन में बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को यह प्रचंड और एकतरफा बहुमत देने के लिए सभी क्षेत्रवासियों का कोटि-कोटि धन्यवाद किया और कहा कि यह ऐतिहासिक जीत असल में उनके कर्मठ कार्यकर्ताओं के दिन-रात के कड़े परिश्रम, पसीने और अटूट मेहनत की जीत है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इन पंचायतीराज चुनावों से प्रदेश की राजनीति में एक बेहद स्पष्ट और बड़ा संदेश गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा