प्रदेश सरकार गांव, गरीब और आमजन के हितों के विकास के लिए प्रतिबद्ध : चंद्रशेखर
मंडी, 13 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के विकास खंड धर्मपुर की 28 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन एवं क्षमता निर्माण के उद्देश्य से मिनी सचिवालय धर्मपुर में विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर गांवों के विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और आमजन के हितों को प्राथमिकता देते हुए विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित किया जा सकता है, जब पंचायत प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाएं।
विधायक ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

