home page

टटियाना के बाद सिरमौर की दाड़ो देवरिया पंचायत भी निर्विरोध चुनी, सुमन प्रधान और सुरजीत को उपप्रधान की कमान

 | 

नाहन, 05 मई (हि.स.)।

जिला सिरमौर में पंचायत चुनावों के बीच सर्वसम्मति की तस्वीर लगातार मजबूत होती दिख रही है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र की टटियाना पंचायत के बाद अब पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया भी निर्विरोध चुन ली गई है। यहां ग्रामीणों ने आपसी सहमति से पूरी पंचायत की कार्यकारिणी तय कर दी, जिससे बिना मतदान के ही चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई।

ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया में आयोजित बैठक में पूर्व प्रधान गीता देवी, पूर्व उपप्रधान नरेंद्र सिंह और पूर्व उपप्रधान संदीप चौहान की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में विस्तार से चर्चा के बाद सर्वसम्मति बनी और सुमन कुमारी को प्रधान और सुरजीत सिंह को उपप्रधान चुना गया। इसके साथ ही चेवला बकानग से रीता देवी, दाड़ो एक से रविंदर, दाड़ो दो से रोहित, थाना कावड़ी से राधा देवी और सोहला से सुनीता देवी को वार्ड सदस्य के रूप में चुना गया।

पंचायत के सुभाष ठाकुर के अनुसार पूरे गांव की सहमति से वार्ड सदस्य से लेकर प्रधान तक का चयन शांतिपूर्ण तरीके से कर लिया गया है और इसकी सूचना जल्द ही खंड विकास अधिकारी पच्छाद को दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जनवरी 2021 में हुए पंचायत चुनावों में जिला सिरमौर की 33 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई थीं, जो प्रदेश में सबसे अधिक संख्या रही थी।फिलहाल जिले में टटियाण और दाड़ो देवरिया दो पंचायतें सर्वसम्मति से चुनी जा चुकी हैं, जबकि अन्य पंचायतों में भी सहमति बनाने के लिए बैठकों का दौर जारी है। नामांकन प्रक्रिया तक कुछ और पंचायतों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर