home page

पंचायत चुनाव : रोहडू में जिला परिषद-बीडीसी के लिए 14 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन

 | 
पंचायत चुनाव : रोहडू में जिला परिषद-बीडीसी के लिए 14 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन


शिमला, 08 मई (हि.स.)। पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के अंतर्गत जिला परिषद और पंचायत सदस्य समिति (बीडीसी) सदस्यों के नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को 14 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें जिला परिषद के लिए 6 और बीडीसी के लिए 8 उम्मीदवार शामिल रहे। यह जानकारी सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू, धर्मेश रामोत्रा ने दी।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद वार्ड नंबर-08 (भलूण) से उर्मिला देवी एवं कमलेश समरेक, वार्ड नंबर-07 (खशधार) से विक्रम सिंह एवं रामेश्वर तथा वार्ड नंबर-05 (सीमा रणटाड़ी) से मोहित चौहान एवं ललित कुमार ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

उन्होंने बताया कि अब तक जिला परिषद के लिए कुल 10 उम्मीदवार अपने नामांकन दर्ज करवा चुके हैं।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला परिषद तथा पंचायत समिति वार्ड सदस्यों के लिए 11 मई को भी नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 12 मई को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 14 एवं 15 मई को अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि रोहड़ू तहसील के अंतर्गत पंचायत समिति वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन कुल 8 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

इनमें वार्ड नंबर-14 (कटलाह) से कुसुम लता एवं रचना, वार्ड नंबर-07 (टिक्कर) से दीपक तेगटा, वार्ड नंबर-11 (ब्रासली) से राजा ठाकुर, वार्ड नंबर-12 (धराड़ा) से अंजू देवी, वार्ड नंबर-10 (अढ़ाल) से प्रभा, वार्ड नंबर-08 (सीमा रणटाड़ी) से अरुण कुमार तथा वार्ड नंबर-13 (भलूण) से स्वीटी कैथ ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा