शिमला : नामांकन शुरू होते ही भाजपा ने बदला उम्मीदवार, बढ़ाल वार्ड में प्रज्ज्वल बस्टा ने छोड़ी दावेदारी
शिमला, 07 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही वीरवार को भारतीय जनता पार्टी ने जिला महासू के जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र में बड़ा बदलाव कर दिया है। नामांकन के पहले ही दिन भाजपा ने जिला परिषद चुनाव के लिए बढ़ाल वार्ड से अपना समर्थित उम्मीदवार बदलते हुए नई प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी। पार्टी की ओर से जारी संशोधित सूची के अनुसार अब बढ़ाल वार्ड से रचना नेगी भाजपा समर्थित उम्मीदवार होंगी।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, विधायक और पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव समिति के प्रदेश संयोजक विपिन सिंह परमार ने गुरूवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 मई को जिला महासू के जिला परिषद चुनाव के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की गई थी, लेकिन अब उसमें संशोधन किया गया है। पार्टी के अनुसार पहले घोषित प्रत्याशी प्रज्ज्वल बस्टा ने अपना नाम वापस लेते हुए रचना नेगी को समर्थन दे दिया है।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही प्रत्याशी बदलने के फैसले ने क्षेत्र की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि संगठनात्मक सहमति और चुनावी रणनीति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि पार्टी चुनाव में मजबूत स्थिति में रह सके।
उल्लेखनीय है कि प्रज्ज्वल बस्टा को लेकर प्रदेश की राजनीति का जाना-पहचाना युवा चेहरा हैं। उन्होंने बेहद कम उम्र में राजनीति में पहचान बनाई थी। मात्र 21 वर्ष की आयु में उन्होंने जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र से पंचायत समिति का चुनाव जीतकर इतिहास रचा था। वह देश की सबसे युवा पंचायत समिति अध्यक्षों में भी शामिल रही हैं। वह भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी रह चुकी हैं और हिमाचल प्रदेश प्लानिंग बोर्ड में भी सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को पंचायत चुनाव होने हैं। इसके लिए बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 8 और 11 मई को भी उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। पंचायत चुनाव में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान वाले दिन ही होगी, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों में की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

