मंडी के बल्ह में भडयाल पंचायत की सरदारी पुष्पराज को, उपप्रधान बने धर्मचंद
मंडी, 27 मई (हि.स.)। मंडी के बल्ह विस क्षेत्र की भडयाल पंचायत में प्रधान पद पर पुष्पराज ने बाजी मार ली है। जबकि उपप्रधान पद के लिए धर्मचंद को चुना गया है। नवनिवार्चित प्रधान पुष्पराज ने अपने प्रतिद्वंद्वी हेमराज को 175 वोटों से मात दी। पुष्पराज ने 593 वोट लिए जबकि हेमराज 418 वोट ही हासिल कर पाए। वहीं उप प्रधान पद पर धर्मचंद आसीन हुए हैं। भडय़ाल पंचायत के चुनाव का परिणाम मंगलवार की रात को ही घोषित हो गया था। जैसे ही पुष्पराज के प्रधान और धर्मचंद के उपप्रधान बनने की अधिकारिक घोषणा हुई तो उनके समर्थकों ने खूब जश्र मनाया।
गौर रहे कि इससे पूर्व भडय़ाल पंचायत दो बार एससी महिला पद के लिए आरक्षित रही है। जिसमें प्रधान की कमान दो बार महिलाओं ने संभाली है। इस बार चुनाव आयोग ने इस पंचायत के प्रधान पद को अनारक्षित किया था जिसके चलते ओपन सीट से पुष्पराज ने प्रधान पद पर बाजी मार ली। भडय़ाल पंचायत में कुल सात वार्ड हैं जिनमें खारसी वार्ड से परमानंद आजाद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। जबकि अन्य वार्डों भडय़ाल वार्ड वन से नीलम देवी, भडय़ाल वार्ड टू से माया देवी, भडय़ाल वार्ड तीन से अनिता कुमारी, भडय़ाल वार्ड चार से शीला देवी, मलवाणा वार्ड वन से इंद्र सिंह, मलवाणा वार्ड दो से पुष्पराज और खारसी वार्ड से परमानंद आजाद वार्ड सदस्य का चुनाव जीते हैं।
गौर रहे कि भडय़ाल पंचायत में पहले नौ वार्ड शामिल थे मगर इस बार सरकार ने भडय़ाल पंचायत से कुछ वार्ड तोडक़र नई पंचायत टिक्कर कलां बनाई गई है। अब भडय़ाल पंचायत के लोगों में नवनिर्वाचित प्रधान पुष्पराज से गांव के विकास को लेकर काफी उम्मीदें हैं।
लोगों का कहना है कि नवनियुक्त प्रधान गांव के विकास में नई इबारत लिखेंगे। वहीं नवनिर्वाचित प्रधान पुष्पराज ने भी लोगों को भरोसा दिया कि वे पंचायत के हर गांव के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। सभी पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर पंचायत के विकास में योगदान दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत के सभी लोगों का मत देने के लिए आभार जताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

