home page

सिरमौर में कहर बरपा रहे बाहरी राज्यों के बेलगाम ट्रॉले,पावंटा साहिब में खंभे और हैंडपंप उखाड़े

 | 

नाहन, 23 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर में पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तराखंड से निर्माण सामग्री ढोने वाले भारी-भरकम ट्रॉले अब आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुके हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से सड़क पर दौड़ते ये वाहन आए दिन बड़े हादसों को न्योता दे रहे हैं। ताजा मामला पांवटा साहिब के शिवपुरी के समीप पेश आया, जहां खनन सामग्री से लदे एक बेकाबू ट्रॉले ने जमकर उत्पात मचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनियंत्रित ट्रॉले ने सड़क किनारे लगे दो बिजली के खंभों, एक हैंडपंप और मंदिर के सूचना बोर्ड को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत और रोष का माहौल है।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार एसडीएम पांवटा साहिब को लिखित शिकायतें सौंप चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मामले को लेकर उद्योग मंत्री तक को भी बार-बार अवगत कराया गया है, मगर धरातल पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन ट्रालों की वजह से क्षेत्र में पहले भी कई घातक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई मासूम अपनी जान गंवा चुके हैं। कई परिवार इन हादसों के कारण उजड़ गए हैं, लेकिन प्रशासन की ढिलाई इन वाहन चालकों के हौसले बुलंद कर रही है।

ग्रामीणों ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन ओवरस्पीड ट्रालों पर लगाम नहीं कसी गई, तो भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े हादसे की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर