home page

ऑपरेशन सिंदूर आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती सैन्य ताकत का भी प्रमाण: जयराम ठाकुर

 | 
ऑपरेशन सिंदूर आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती सैन्य ताकत का भी प्रमाण: जयराम ठाकुर


मंडी, 07 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को भावपूर्ण नमन करते हुए देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की है। वीरवार को जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सैन्य इतिहास में राष्ट्रीय संकल्प, तत्परता और शक्ति का एक ऐसा सशक्त प्रतीक है। जिसने दुनिया को यह संदेश दिया है कि नया भारत अपनी संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।

उन्होंने एक वर्ष पूर्व पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले को याद करते हुए कहा कि उस समय पूरा देश आक्रोशित था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और सशक्त नेतृत्व में भारत ने आतंक को उसके मूल केंद्र पर ही कुचलने का मार्ग चुना।

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि मात्र 22 मिनट के भीतर भारतीय जांबाजों ने जिस सटीकता और तालमेल के साथ नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया । 100 से अधिक आतंकवादियों का सफाया किया, वह आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया वैश्विक मानक बन गया है। इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता जल, थल और वायु तीनों सेनाओं के बीच का वह गहरा तालमेल था, जिसने दुश्मन को संभलने का एक भी मौका नहीं दिया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सशस्त्र बलों की वीरता और समर्पण ही वह नींव है जिस पर राष्ट्र की सुरक्षा और प्रगति टिकी हुई है। आज का दिन उन वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है जिन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपनी जान की बाजी लगाकर देश के दुश्मनों को करारा जवाब दिया। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हमें निरंतर प्रेरणा देती है कि जब राष्ट्र का नेतृत्व साहसी हो और सेना का मनोबल ऊंचा हो, तो कोई भी चुनौती हिमालय जैसी अडिग इच्छाशक्ति को नहीं डिगा सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा