home page

सिस्सू में चंद्रा नदी के तेज बहाव में बहा पर्यटक, स्थानीय लोगों ने बचाई जान

 | 
सिस्सू में चंद्रा नदी के तेज बहाव में बहा पर्यटक, स्थानीय लोगों ने बचाई जान


कुल्लू, 08 जून (हि.स.)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सिस्सू में सोमवार को एक पर्यटक चंद्रा नदी के तेज बहाव में बह गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहसिक प्रयासों के चलते उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, बुंदेलखंड से आया एक पर्यटक सिस्सू में चंद्रा नदी के किनारे घूमने के दौरान पानी में उतरकर अठखेलियां कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बहते हुए काफी दूर निकल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पर्यटक बहते-बहते नदी के बीच एक बड़ी चट्टान के सहारे रुक गया। तेज बहाव और बर्फीले ठंडे पानी के कारण उसकी स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और सामूहिक रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने जोखिम उठाकर पर्यटक तक पहुंच बनाई और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह