शिमला : बैंक में आये बुजुर्ग की अचानक बिगड़ी तबीयत, मौत
शिमला, 01 जून (हि.स.)। शिमला के मॉल रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में सोमवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 78 वर्षीय खूब राम के रूप में हुई है, जो जाखू क्षेत्र के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार खूब राम किसी निजी काम से एसबीआई की मॉल रोड शाखा में आए हुए थे। इसी दौरान बैंक परिसर में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद बैंक कर्मचारियों और मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला पहुंचाया।
हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मृतक की मौत के कारणों की जांच कर रही है और इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत इनक्वेस्ट कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

