home page

सुंदरनगर के अनित जसवाल बने एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष

 | 

शिमला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष पद पर मंडी जिले के सुंदरनगर निवासी अनित जसवाल निर्वाचित हुए हैं। संगठन में आंतरिक चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से उनका चयन किया गया है। इससे पहले वह एनएसयूआई जिला मंडी के अध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अनित जसवाल ने संगठन को मजबूत करने और प्रदेशभर में इसका विस्तार करने को अपनी प्राथमिकता बताया है।

अनित जसवाल ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर और प्रवीण मिन्हास का भी धन्यवाद किया।

उन्होंने एनएसयूआई के सभी कैंपस अध्यक्षों का आभार व्यक्त किया और संगठन में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों तथा जिला अध्यक्षों को बधाई दी। जसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार की वापसी के लिए भी प्रयास करने की बात कही।

सुंदरनगर के महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय से छात्र राजनीति की शुरुआत करने वाले अनित जसवाल संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वह 2021 से 2023 तक महाविद्यालय में कैंपस महासचिव और 2023 से 2024 तक कैंपस अध्यक्ष रहे। इसके बाद 2024 से 2025 तक जिला मंडी के उपाध्यक्ष और 2025 से 2026 तक जिला अध्यक्ष के पद पर कार्य किया।

जसवाल ने मुख्यमंत्री का विशेष रूप से आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से एक सामान्य परिवार का युवा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन का विस्तार करने और युवाओं को इससे जोड़ने के लिए काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा