home page

जाह्नवी मल्होत्रा एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर की कैंपस अध्यक्ष निर्वाचित

 | 
जाह्नवी मल्होत्रा एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर की कैंपस अध्यक्ष निर्वाचित


मंडी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के आंतरिक संगठनात्मक चुनावों मे महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर से जिला अध्यक्ष अनित जसवाल की टीम ने शानदार जीत दर्ज की है। जिला अध्यक्ष अनित जसवाल की टीम की ओर से कैंपस अध्यक्ष पद की उम्मीदवार जाह्नवी मल्होत्रा ने 1084 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को 341 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को 741 वोट प्राप्त हुए।

गौरतलब है कि महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अनित जसवाल का अपना कॉलेज भी रहा है। ऐसे में इस कॉलेज में उनकी टीम की जीत संगठन के लिए विशेष महत्व रखती है। इस जीत के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित कैंपस अध्यक्ष जाह्नवी मल्होत्रा, जिला अध्यक्ष अनित जसवाल एवं उनकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत पूरी टीम की एकजुटता, मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है। संगठनात्मक चुनावों में 341 वोटों के बड़े अंतर से मिली इस जीत ने टीम के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है।

वहीं, नवनिर्वाचित कैंपस अध्यक्ष जाह्नवी मल्होत्रा ने अपनी जीत का श्रेय जिला अध्यक्ष अनित जसवाल, संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं पूरी टीम को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी तथा कॉलेज में छात्रहितों के मुद्दों को प्राथमिकता देंगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अनित जसवाल के अपने कॉलेज में उनकी टीम की यह जीत संगठनात्मक चुनावों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस जीत के लिए चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी सदस्यों और टीम के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा