मंडी कालेज की एनएसएस अध्यक्ष वंशिका ने हजारों किमी दूर असम में बाढ़ प्रभावितों में बांटी राहत
मंडी, 04 सितंबर (हि.स.)। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी की एनएसएस अध्यक्ष वंशिका ने सेवा एवं राहत कार्यों के उद्देश्य से मंडी से असम तक अकेले लगभग दो दिनों की लंबी रेल यात्रा की। हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर असम पहुंची वंशिका ने जरूरतमंद एवं प्रभावित लोगों की सहायता में अपना योगदान दिया। नॉर्थईस्ट से वंशिका का विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है। पहली बार नॉर्थईस्ट जाने के बाद असम उनके मन में बस गया था। जब कभी नॉर्थईस्ट को भारत से अलग समझे जाने की बात सुनती थीं, तो उन्हें बहुत बुरा लगता था। इसी भावना ने उन्हें असम के लोगों के साथ खड़े होने के लिए प्रेरित किया। उनका संदेश है -दूरी चाहे कितनी भी हो, देश हमारा है।
वंशिका ने कहा मेरी मां और मेरी प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. दीपाली अशोक ने मुझे हमेशा इतना मजबूत, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाया है कि मुझे विश्वास है कि मैं किसी भी चुनौती का सामना कर सकती हूं। उनके मार्गदर्शन और विश्वास ने ही उन्हें अकेले यह लंबा सफर तय करने का हौसला दिया। असम में बच्चों में बांटी गई सहायता सामग्री जिसमें 111 बैग, 222 नोटबुक प्रत्येक बच्चे के लिए 2 नोटबुक, 111 स्केच पेन, 111 पेंसिल,111 इरेज़र, 111 शार्पनर, 87 टॉर्च शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सफर उन्होंने अकेले तय किया, लेकिन मां, डॉ. दीपाली अशोक, एनएसएस परिवार, महाविद्यालय और सभी शुभचिंतकों का विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद उनके साथ रहा। वंशिका ने इस यात्रा को केवल एक सफर नहीं, बल्कि सेवा, साहस, नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता का अनुभव बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

