बाल सभा में बच्चों ने एसडीएम से साझा किए अपने सपने
मंडी, 14 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदनगर स्थित नौरंग कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित बाल सभा की अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। इस कार्यक्रम में वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान एसडीएम अमर नेगी ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनकी रुचियों, शौक, सपनों और भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इस बारे में बातचीत की। बच्चों ने बेझिझक अपने विचार एसडीएम के साथ साझा किए और अपने भविष्य को लेकर अपने सपनों के बारे में बताया। एसडीएम अमर नेगी ने बच्चों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि हर बच्चे में आगे बढ़ने की क्षमता होती है और उचित अवसर, मार्गदर्शन एवं विश्वास मिलने पर बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
इस अवसर पर सुरेंद्र सेन के प्रयासों की भी सराहना की गई। वह वंचित बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण भी प्रदान कर रहे हैं। एसडीएम ने ऐसे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में इनके महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में अपने सपनों को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। बाल सभा ने बच्चों को अपनी बात रखने और अपने भविष्य के सपनों को व्यक्त करने के लिए एक सकारात्मक मंच प्रदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

