हिमाचल शहरी निकाय चुनाव: 1426 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन, कांगड़ा सबसे आगे
शिमला, 02 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के सामान्य चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक कुल 51 शहरी निकायों के लिए 1426 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। आयोग ने 21 अप्रैल को चुनाव की अधिसूचना जारी की थी, जिसके तहत 2 मई नामांकन भरने की अंतिम तिथि तय की गई थी।
आयोग के अनुसार नामांकन के अंतिम दिन यानी 2 मई को सबसे ज्यादा 721 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए। इससे पहले 30 अप्रैल को 550 और 29 अप्रैल को 137 नामांकन पत्र जमा हुए थे। इस तरह तीन दिनों में कुल 1426 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो कांगड़ा जिला सबसे आगे रहा, जहां कुल 269 नामांकन पत्र भरे गए। वहीं हमीरपुर जिला सबसे पीछे रहा, जहां केवल 55 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इसके अलावा मंडी में 167, सोलन में 158, ऊना में 155, कुल्लू में 125, बिलासपुर में 96, सिरमौर में 92, चंबा में 113 और शिमला में 90 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को संबंधित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सुबह 10 बजे से की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 6 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे और उसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।
मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से कराया जाएगा। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने का दावा किया है।
बता दें कि अभी राज्य के 4 नगर निगम, 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत के लिए चुनाव होगा। नगर निगमों में मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम शामिल हैं।
नगर परिषदों और नगर पंचायतों के वोटों की गिनती तीन बजे के बाद ही 17 मई को ही हो जाएगी। जबकि नगर निगम की मतगणना 31 मई को होगी। नगर निगम के चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर होंगे। इन 51 शहरी निकायों के लिए कुल 3 लाख 60 हज़ार 859 मतदाता अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.80 लाख पुरुष और 1.79 लाख महिला मतदाता भाग लेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

