home page

एनआईटी हमीरपुर में 9 से 11 अक्टूबर तक होगा शिक्षामहाकुंभ 6.0 का आयोजन

 | 
एनआईटी हमीरपुर में 9 से 11 अक्टूबर तक होगा शिक्षामहाकुंभ 6.0 का आयोजन


हमीरपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षामहाकुंभ 6.0 का आयोजन आगामी 9 से 11 अक्टूबर तक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में किया जाएगा। आयोजन की विस्तृत जानकारी देने के लिए शनिवार को एनआईटी हमीरपुर में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। वबीटीर की इकाई डीएचई तथा एनआईटी हमीरपुर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश और भारतीय विश्वविद्यालय संघ के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षामहाकुंभ-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष शिक्षामहाकुंभ का केंद्रीय विषय “शिक्षा, प्रगति और प्रकृति के साथ सामंजस्य” रखा गया है।

शिक्षामहाकुंभ के अब तक पांच सफल संस्करण देश के विभिन्न राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा राष्ट्रीय शैक्षिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के साथ भारत के शैक्षणिक पुनरुत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं।

एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एच. एम. सूर्यवंशी ने बताया कि तीन दिवसीय शिक्षामहाकुंभ में 16 बहुविषयक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा आठ राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें उद्यमिता सम्मेलन, कुलपति सम्मेलन, वैज्ञानिक सम्मेलन सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ विमर्श होगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, भारतीय ज्ञान परंपरा, उद्यमिता, रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

विद्यार्थियों के शोध एवं नवाचार को विशेष स्थान देते हुए ‘शोधांकुर’ छात्र शोध पत्रिका के माध्यम से कक्षा नौ से बारह तक के विद्यार्थियों में अनुसंधान, नवाचार और तार्किक चिंतन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा तेजस ज्ञान प्रतियोगिता, छात्र परियोजनाएं तथा शिक्षक एवं विद्यार्थी उत्कृष्टता पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। विभिन्न विषयों पर परिचर्चाओं का भी आयोजन होगा।

आयोजन के लिए अब तक 223 शोध पत्र प्राप्त हो चुके हैं। शिक्षामहाकुंभ के पहले दिन का विषय “आध्यात्मिक भारत- विकसित भारत”, दूसरे दिन का विषय “विज्ञानमय भारत- विकसित भारत” तथा तीसरे दिन का विषय सुरक्षित भारत- विकसित भारत” रहेगा।

आयोजन का उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया करेंगे। दूसरे दिन हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी, जबकि तीसरे दिन हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसके अतिरिक्त लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर तथा राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय, भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सोनम गोयल, डॉ. के. वासुदेव राव सहित कई अन्य विशिष्ट व्यक्तित्व भी कार्यक्रम को अपना मार्गदर्शन देंगे।

शिक्षामहाकुंभ 6.0 का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को भारतीय ज्ञान परंपरा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के व्यापक संकल्प से जोड़ते हुए अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में सार्थक संवाद को आगे बढ़ाना है।

पत्रकार वार्ता में एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एच. एम. सूर्यवंशी, संस्थान की कुलसचिव डॉ. अर्चना संतोष ननोटी, शिक्षामहाकुंभ अभियान की राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अधिवक्ता आरती शर्मा, शिक्षामहाकुंभ के संयोजक डॉ. शमशेर सिंह तथा केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के नियंत्रक डॉ. जितेंद्र गर्ग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा