home page

मानव अधिकारों पर बनाएं फिल्म बनाएं, जीतें लाखों का इनाम, एनएचआरसी ने मांगे आवेदन

 | 

शिमला, 06 मई (हि.स.)। अगर आपके पास कोई कहानी है जो समाज में मानव अधिकारों के महत्व को दिखा सके, तो अब उसे फिल्म के रूप में पेश करने का मौका है। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मानव अधिकार विषय पर आधारित लघु फिल्म प्रतियोगिता के लिए देशभर से आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसमें विजेताओं को लाखों रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे।

आयोग के अनुसार इस प्रतियोगिता का मकसद लोगों को मानव अधिकारों के प्रति जागरूक करना और इस विषय पर संवाद को बढ़ावा देना है। इसमें सभी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी अपनी लघु फिल्म 30 जून 2026 तक गूगल ड्राइव के माध्यम से आयोग की ईमेल आईडी nhrcshortfilms@gmail.com पर भेज सकते हैं।

इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को 2 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 1 लाख 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा ज्यूरी की सिफारिश पर कुछ चुनिंदा फिल्मों को विशेष उल्लेख के साथ प्रमाण पत्र, ट्रॉफी और 50 हजार रुपये तक का नकद पुरस्कार भी दिया जा सकता है।

फिल्म हिंदी या किसी भी भारतीय भाषा में बनाई जा सकती है, लेकिन उसमें अंग्रेजी सबटाइटल होना जरूरी है। फिल्म की अवधि 3 मिनट से कम और 10 मिनट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस प्रतियोगिता के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

प्रतिभागियों को अपनी फिल्म के साथ निर्माता, लेखक और निर्देशक की जानकारी देनी होगी, साथ ही पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक दस्तावेज भी जमा करना होगा।

इस प्रतियोगिता के लिए सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर आधारित वास्तविक या काल्पनिक कहानियों को फिल्म के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों से जुड़ी पूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा