home page

मूसलाधार बारिश से निर्माणाधीन नारला-बिजणी सुपर हाईवे टांडू के पास डंगा धंसा, सड़क का बड़ा हिस्सा दरका

 | 
मूसलाधार बारिश से निर्माणाधीन नारला-बिजणी सुपर हाईवे टांडू के पास डंगा धंसा, सड़क का बड़ा हिस्सा दरका


मंडी, 28 जुलाई (हि.स.)। बरसात की पहली ही मूसलाधार बारिश ने मंडी पठानकोट मार्ग के निर्माणाधीन नारला-बिजनी सुपर हाईवे की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंडी से नारला पधर तक लगभग 25 किलोमीटर के इस निर्माणाधीन सुपर हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क धंसने और दरारें पड़ जाने से निर्माण गुणवता की पोल खुल गई। इसका निर्माण एनएचएआई कर रही है। मंडी से 10 किलोमीटर दूर टांडू के समीप डंगा बैठ जाने से सड़क का बड़ा हिस्सा दरक गया। राहत की बात यह रही कि मैगल पुल का निर्माण अभी पूरा न होने के कारण इस मार्ग पर यातायात शुरू नहीं हुआ है, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली ही तेज बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। टांडू के अलावा द्रंग क्षेत्र के भटोग और डवारडू के समीप भी सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे सड़क के और अधिक धंसने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कंपनी स्थायी समाधान करने के बजाय दरारों में केमिकल और कंक्रीट भरकर केवल लीपापोती कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार सुपर हाईवे पर माणा, नारला और कुन्नू सहित कई स्थानों पर डंगे बैठने लगे हैं और सड़क में दरारें दिखाई देने लगी हैं। इससे भविष्य में सड़क की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वैज्ञानिक ढंग से सुधार कार्य नहीं किया गया तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

उधर, कुन्नू बाजार के पीछे बने सुपर हाईवे पर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से एक लेन पूरी तरह बंद हो गई। सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी ने एलएनटी मशीन और हाइड्रा मौके पर तैनात कर मंगलवार दोपहर तक मलबा हटाकर मार्ग को बहाल कर दिया। इस दौरान कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। टांडू के पास सड़क धंसने का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होता रहा। वीडियो में क्षतिग्रस्त सड़क को देखकर लोग निर्माण कार्य में अनियमितताओं और गुणवत्ता से समझौता किए जाने के आरोप लगा रहे हैं। कई लोगों ने संबंधित एजेंसियों से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग भी उठाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा