home page

चंडीगढ़ मनाली का सफर और अधिक सुहाना, मंडी के पास डयोड से हणोगी टनलों का ट्रायल हुआ सफल

 | 
चंडीगढ़ मनाली का सफर और अधिक सुहाना, मंडी के पास डयोड से हणोगी टनलों का ट्रायल हुआ सफल


चंडीगढ़ मनाली का सफर और अधिक सुहाना, मंडी के पास डयोड से हणोगी टनलों का ट्रायल हुआ सफल


मंडी, 07 सितंबर (हि.स.)। किरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के तहत टनलों के सबसे महत्वपूर्ण पंडोह बायपास टकोली प्रोजेक्ट के प्रवेश द्वार की टनलों का ट्रायल सफल हो गया है। अब यहां पर अगले चार दिनों में यातायात पूरी तरह से सुचारू हो जाएगा। सोमवार को एनएचएआई के बोर्ड सदस्य विपनेश शर्मा की मौजूदगी में यह ट्रायल किया गया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी यहां पहुंचे और उन्होंने भी टनलों का जायजा लिया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि इन टनलों के शुरू हो जाने से लोगों को बेहतरीन यातायात की सुविधा मिलेगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्वक कार्य के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नीतिन गड़करी का इस कार्य को जल्द पूरा करवाने के लिए आभार भी जताया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के कारण जो नुकसान हुआ था उसकी भरपाई के लिए केंद्र सरकार द्वारा तीव्रता से कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में कुल्लू-मनाली जाने वाले यात्रियों को बेहतरीन यातायात की सुविधा मिलेगी। 2600 करोड़ के प्रोजेक्ट का प्रवेश द्वार हुआ शुरू

गौरतलब है कि पंडोह बायपास टकोली प्रोजेक्ट में 10 टनलें बनी हैं। दयोड़ से हणोगी तक बनी चार टनलें इस प्रोजेक्ट का प्रवेश द्वार हैं। इनमें से अभी एक साइड की दो टनलों को ही यातायात के लिए खोला जाएगा जिनकी लंबाई 2.8 किमी और 650 मीटर है। खोतीनाला के पास इन दोनों टनलों को आपस में जोड़ने के लिए 45 मीटर उंचा और 140 मीटर लंबा पुल बनाया गया है। हणोगी के पास बरसात के कारण टनलों के मुहाने पर जो नुकसान पहुंचा था उसकी 50 करोड़ से मुरम्मत करवाने के बाद इसे बनाकर तैयार कर दिया गया है।

एनएचएआई के बोर्ड सदस्य विपनेश शर्मा ने कहा कि सामरिक दृष्टि से यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। अभी यहां जायजा लेने के बाद कुछ सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले चार दिनों में इन सुरक्षा मानकों को पूरा करके यातायात को सुचारू कर दिया जाएगा। उन्होंने इस बेहतरीन कार्य के लिए एनएचएआई, शापुरजी-पलौनजी, एफकॉन्स, गावर कंस्ट्रक्शन और भारत कंस्ट्रक्शन को बधाई दी। उन्होंने बाकी कार्य का जायजा भी लिया।

इस मौके पर द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, एनएचएआई के आरओ कर्नल अजय सिंह बरगोती, प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी और अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा