नेपाल में आई त्रासदी के दृष्टिगत मंडी में विशेष हेल्पडेस्क स्थापित
मंडी, 27 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के मद्देनजर मंडी जिला प्रशासन ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किया है। अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती ने बताया कि यदि मंडी जिले का कोई व्यक्ति नेपाल में फंसा हुआ है, लापता है अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तो उसके परिजन बिना किसी विलंब के प्रशासन को सूचना दें। परिजन अपने नजदीकी उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय में भी संपर्क कर लापता व्यक्ति के बारे में रिपोर्ट दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि प्रभावित अथवा लापता व्यक्तियों की खोजबीन, राहत, बचाव एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन ने मंडी जिले के लोगों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन नेपाल में फंसा, लापता या प्रभावित हुआ है, तो वे तत्काल विभिन्न माध्यमों से सूचना साझा कर सकते हैं। इनमें आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन: 1077, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के लैंडलाइन नंबर 01905-226201, 01905-226202, 01905-226203, 01905-226204 अथवा मोबाइल नंबर 85447-71889 या ईमेल ddma-man-hp@gov.in पर सूचना साझा कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

