home page

नेपाल में एक और हिमाचली दंपति लापता, काठमांडू पहुंचे परिजन

 | 
नेपाल में एक और हिमाचली दंपति लापता, काठमांडू पहुंचे परिजन


ऊना, 01 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बीच हिमाचल प्रदेश के एक और दंपति के लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। ऊना के गांव नंगड़ां की नीलम शर्मा और उनके पति रमेश शर्मा, जो मूलतः पालमपुर के बीड़ निवासी हैं, कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए थे। दोनों से 26 अगस्त की सुबह आखिरी बार संपर्क हुआ था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

बताया जा रहा है कि नीलम शर्मा और रमेश शर्मा मूल रूप से हिमाचल के रहने वाले हैं और वर्तमान में अमेरिका के नागरिक हैं। न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी से भारतीय मूल के श्रद्धालुओं का एक दल कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए निकला था। इसी दौरान नेपाल में अचानक आई प्रलयकारी बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आने के बाद दंपति से संपर्क टूट गया। परिजन लगातार दोनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन मोबाइल फोन पर किसी प्रकार की बातचीत नहीं हो पा रही है।

दंपति की बेटी डा. राधिका और उनके पति डा. पूजन भी दोनों की तलाश के लिए काठमांडू पहुंच गए हैं। दोनों स्थानीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों और अन्य माध्यमों से अपने माता-पिता की तलाश में हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार नीलम और रमेश शर्मा नेपाल पहुंचने के बाद पशुपतिनाथ मंदिर में माथा टेक चुके थे और इसके बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए आगे रवाना हुए थे। इसी दौरान नेपाल में प्राकृतिक आपदा ने तबाही मचा दी और उसके बाद से दोनों लापता हैं।

परिजनों ने बताया कि 26 अगस्त के बाद से दंपति से किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो पाया है। ऐसे में उनके सुरक्षित होने को लेकर परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिजनों ने हिमाचल प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर नेपाल सरकार के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नीलम और रमेश शर्मा की तलाश तेज करवाने तथा उन्हें सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल