home page

शिमला में 3644 उम्मीदवारों ने दी नीट परीक्षा, 94 रहे अनुपस्थित

 | 

शिमला, 03 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजन किया गया। जिले में बनाए गए कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष शिमला में कुल 3738 उम्मीदवारों ने नीट परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 3644 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 94 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं, जिससे परीक्षा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया था, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शहर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में उत्कृष्टता केंद्र राजकीय महाविद्यालय संजौली, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) लालपानी, राजकीय मॉडल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जाखू हिल्स, राजकीय कन्या महाविद्यालय, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल समरहिल, विधि विभाग हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय समरहिल, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान कोटशेरा और विश्वविद्यालय प्रौद्योगिकी संस्थान शामिल रहे।

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे और प्रवेश प्रक्रिया भी तय नियमों के अनुसार पूरी की गई। प्रशासन का कहना है कि सभी केंद्रों पर परीक्षा का माहौल शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा