home page

शिमला में एनसीबी जोनल कार्यालय के लिए जल्द मिलेगी जमीन

 | 
शिमला में एनसीबी जोनल कार्यालय के लिए जल्द मिलेगी जमीन


शिमला, 18 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अपर महानिदेशक राज कुमार और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के क्षेत्रीय निदेशक अमनजीत सिंह ने शुक्रवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अधिकारियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत गृह मंत्रालय और एनसीबी की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने और अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को बताया कि जिला प्रशासन की ओर से नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों और युवाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ आम लोगों और युवाओं की भागीदारी से जागरूकता अभियान को भी व्यापक बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के लगभग सभी अधिकारियों ने स्कूल गोद लिए हैं। ये अधिकारी समय-समय पर संबंधित स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक और प्रेरित करते हैं।

एनसीबी जोनल कार्यालय के लिए भूमि की मांग

बैठक में एनसीबी अधिकारियों ने शिमला में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का जोनल कार्यालय स्थापित करने के लिए जल्द भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह उपायुक्त से किया। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। एनसीबी के जोनल कार्यालय की स्थापना से हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में केंद्रीय एजेंसी की मौजूदगी और समन्वय को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन देगा हर संभव सहयोग

उपायुक्त ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को शिमला जिले में व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से गृह मंत्रालय और एनसीबी को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता गतिविधियों में समाज की भागीदारी बढ़ाने और युवाओं को इससे दूर रखने के लिए प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। बैठक में प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) शिमला के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा और पीआईबी चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा