सर्वजन कल्याण सभा करेगी मेधावियों को सम्मानित : नवीन शर्मा
हमीरपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। सर्वजन कल्याण सभा हमीरपुर इकाई द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के बोर्ड परीक्षाओं के स्टेट टॉपर्स एवं विभिन्न विद्यालयों के स्कूल टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम 11 जुलाई को बासी पैलेस, हमीरपुर में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि देश के प्रख्यात वैज्ञानिक एवं पद्मश्री सम्मान से अलंकृत डॉ. पी. एल. गौतम होंगे, जो अपने प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी करेंगे।
सर्वजन कल्याण सभा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मान समारोह में 50 से अधिक सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 150 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना भी है।
नवीन शर्मा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है और मेधावी विद्यार्थी देश एवं समाज की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का समय-समय पर सम्मान किया जाना आवश्यक है, ताकि अन्य छात्र-छात्राओं को भी उनसे प्रेरणा मिले और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो।
उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले यही विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा एक समृद्ध, शिक्षित और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों के अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को भी इस सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन के बिना विद्यार्थियों की यह उपलब्धि संभव नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

