home page

हिमाचल में 2.68 लाख किसान अपना रहे प्राकृतिक खेती : अनिरुद्ध सिंह

 | 
हिमाचल में 2.68 लाख किसान अपना रहे प्राकृतिक खेती : अनिरुद्ध सिंह


शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती का दायरा लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में अब तक 2.68 लाख से अधिक किसान इस पद्धति को अपना चुके हैं और 61,156 हेक्टेयर कृषि भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है। किसानों को इस ओर प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से पैदा होने वाली फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में भी बढ़ोतरी की है। आगामी वर्ष से गेहूं का समर्थन मूल्य 90 रुपये और हल्दी का 170 रुपये प्रति किलोग्राम होगा।

पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्राकृतिक खेती एवं कीटनाशक कृषि पर विशेष कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अदरक के दाम भी 40 रुपये प्रति किलो

अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी का एमएसपी 150 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये प्रति किलोग्राम और गेहूं का 80 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये प्रति किलोग्राम करने की घोषणा की है। इसी तरह अदरक का समर्थन मूल्य भी 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है।

इससे पहले सरकार गेहूं का एमएसपी 60 से बढ़ाकर 80 रुपये, मक्की का 40 से बढ़ाकर 50 रुपये, जौ का 60 से बढ़ाकर 80 रुपये और हल्दी का 90 से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम कर चुकी है।

चार योजनाओं के जरिये किसानों को प्रोत्साहन

मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए पिछले तीन वर्षों में कई योजनाएं चलाई गई हैं। इनमें राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना, भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) योजना और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन शामिल हैं। इनके माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और जरूरी सहयोग दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की करीब 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और कृषि ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

अनिरुद्ध सिंह के अनुसार प्राकृतिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि को पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ बनाने में भी मदद मिल सकती है। सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक किसान इस पद्धति को अपनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा