पाँवटा साहिब में 16-17 अक्तूबर को राष्ट्रीय सम्मेलन, देशभर से जुटेंगे 300 शिक्षाविद् और शोधार्थी
नाहन, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पांवटा साहिब में डिग्री कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा वाणिज्य विभाग के सहयोग से “Indian Economy in a Changing Global Scenario: Opportunities and Challenges” विषय पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री सभागार गोंदपुर में 16 और 17 अक्तूबर को राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इस सम्मेलन में देशभर से 300 शिक्षाविद् और शोधार्थी, उद्योग विशेषज्ञ और नीति निर्माता ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से भाग लेंगे। यह जानकारी कॉलेज प्राचार्य डॉ जगदीश चौहान ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में भारतीय अर्थव्यवस्था के बदलते वैश्विक परिदृश्य पर मंथन होगा। हिमाचल की अर्थव्यवस्था और सतत विकास पर विशेष फोकस रहेगा।
सम्मेलन का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं समापन पर उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. सुनीता सिंह मुख्य अतिथि होंगी।प्राचार्य ने सूचना दी कि 16 अक्तूबर को सुबह 9:30 बजे सम्मेलन का उद्घाटन सत्र आयोजित होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सम्मेलन में एसपीयू मंडी के पूर्व कुलपति प्रो. सी.एल. चंदन तथा आईआईएम सिरमौर के प्रो. एस.एस. पटनायक मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
17 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाले समापन सत्र में उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. सुनीता सिंह मुख्य अतिथि होंगी, जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं पीआरसी निदेशक प्रो. एन.एस. बिष्ट समापन संबोधन देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

