home page

हमीरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 5505 केसों का निपटारा

 | 

हमीरपुर, 09 मई (हि.स.)। अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए शनिवार को जिला हमीरपुर के तीन न्यायिक परिसरों हमीरपुर, नादौन और बड़सर में भी राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। जिला एवं सत्र न्यायधीश और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश अवस्थी की अध्यक्षता में लगाई गई इन लोक अदालतों में कई केसों की सुनवाई की गई तथा कई मामलों का त्वरित निपटारा कर दिया गया।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान सुनवाई के लिए आए कुल 7466 केसों में से 5505 का त्वरित निपटारा कर दिया गया। इन केसों में 97.13 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।

कुलदीप शर्मा ने बताया कि इनमें से प्री-लिटिगेशन के 847 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 43 का निपटारा कर दिया गया। इनमें 3.48 लाख रुपये की राशि वसूल की गई। पोस्ट-लिटिगेशन के 382 मामलों में से 209 का निपटारा कर दिया गया और इनमें 86.43 लाख रुपये से अधिक राशि वसूली गई। मोटर वाहन अधिनियम के 6237 केसों में से 5253 केस निपटा दिए गए और इनमें 7.21 लाख रुपये से अधिक की जुर्माना राशि वसूल की गई।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत एक बहुत ही अच्छा माध्यम है। समय-समय पर राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाती है। लोगों को इनका लाभ उठाना चाहिए। इससे उनके समय और धन की बचत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला